एशिया कप 2025 जीतने के बाद ट्रॉफी से जुड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरपर्सन और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चीफ मोहसिन नकवी अब भी इस बात पर अड़े हुए हैं कि ट्रॉफी टीम इंडिया को वही दें। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साफ कर दिया है कि कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम इंडिया का जो फैसला था, उसमें कोई बदलाव नहीं होगा।
30 सितंबर को हुई ACC की वर्चुअल बैठक में इस मुद्दे पर जमकर बहस हुई। बैठक में मौजूद BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और पूर्व कोषाध्यक्ष आशीष शेलार ने नकवी के रवैये पर सख्त आपत्ति जताई। उनका कहना था कि एशिया कप विजेता को ट्रॉफी न देना शर्मनाक है। फिलहाल ट्रॉफी और मेडल्स ACC के दफ्तर में ही रखे हुए हैं। नकवी ने बैठक में माफी मांगते हुए कहा कि ट्रॉफी सेरेमनी के दौरान जो हुआ, वो नहीं होना चाहिए था। लेकिन इसके बावजूद उन्होंने ट्रॉफी देने से इनकार कर दिया और यहां तक कहा कि सूर्यकुमार यादव दुबई आकर उनसे कप कलेक्ट करें। इस पर BCCI का दो-टूक जवाब था – “जब खिलाड़ी आपके सामने खड़े थे तब उन्होंने ट्रॉफी नहीं ली, तो अब आपके बुलावे पर दुबई क्यों आएंगे?”
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने नकवी के इस रवैये को खेल भावना के खिलाफ करार दिया। उन्होंने कहा, “हमने यह निर्णय लिया था कि नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे ट्रॉफी और मेडल्स लेकर भाग जाएं। यह क्रिकेट की गरिमा के खिलाफ है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही कप भारत को सौंपा जाएगा।”
कैसे शुरू हुआ विवाद?
28 सितंबर को कोलकाता में खेले गए एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को मात देकर खिताब अपने नाम किया। यह तीसरी बार था जब भारत ने एक ही टूर्नामेंट में पाकिस्तान को हराया। लेकिन खिताब जीतने के बाद मैदान पर अजीब स्थिति बन गई। भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया। खिलाड़ियों का कहना था कि नकवी बार-बार खेल से इतर राजनीतिक बयानबाजी करते रहे हैं, ऐसे में उनसे ट्रॉफी लेना उचित नहीं है।
मैदान पर घंटों तक यही खींचतान चलती रही। नकवी इस बात पर अड़े रहे कि ट्रॉफी वही देंगे, जबकि भारतीय टीम ने उनसे लेने से मना कर दिया। आखिरकार, एक ऑफिशियल ट्रॉफी को मैदान से बाहर ले गया और टीम इंडिया ने बिना ट्रॉफी ही जश्न मनाया।
अब देखना होगा कि यह विवाद कब और कैसे सुलझता है और कब भारत को आधिकारिक तौर पर एशिया कप की ट्रॉफी सौंपी जाती है।
Also read: दिल्ली में पवन सिंह की सियासी मुलाकात, एनडीए से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज
Visit: https://twitter.com/TheUntoldMedia
Discover more from The Untold Media
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





