बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों के ऐलान के बाद सियासी पारा तेजी से चढ़ गया है। नेताओं की घोषणाओं और बयानबाजियों ने चुनावी माहौल को और भी गर्म कर दिया है। इसी कड़ी में राजद नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर बिहार में उनकी सरकार बनी, तो राज्य के हर उस परिवार को सरकारी नौकरी दी जाएगी, जिसके घर में फिलहाल कोई सरकारी कर्मचारी नहीं है। लेकिन तेजस्वी के इस “हर घर नौकरी” वादे पर केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के राष्ट्रीय संयोजक जीतनराम मांझी ने तीखा तंज कस दिया।
अब तो चांद-मंगल पर भी फार्महाउस देने की बारी है
तेजस्वी यादव के वादे पर चुटकी लेते हुए जीतनराम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “लालू परिवार के सत्ता के प्रति बौखलाहट देखकर ऐसा लगता है कि तेजस्वी यादव अगले प्रेस कांफ्रेंस में यह घोषणा करेंगे कि यदि बिहार में राजद सरकार बनी, तो हर परिवार के एक सदस्य को चांद और मंगल ग्रह पर चार कठ्ठा का एक-एक फ़ार्म हाउस दिया जाएगा।” मांझी यहीं नहीं रुके। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “बेटा ललटेनवा, गदहा चाहे कितनी कोशिश कर ले ओकर सिर पर सिंग नहीं निकल सकता, बूझे।”
मांझी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
तेजस्वी यादव का ‘हर घर नौकरी’ वादा
तेजस्वी यादव ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अगर राजद की सरकार बनी, तो “हर उस परिवार को सरकारी नौकरी दी जाएगी जिसके पास कोई सरकारी नौकरी नहीं है।” उन्होंने कहा, “सरकार बनते ही 20 दिनों के भीतर एक नया अधिनियम लाया जाएगा और 20 महीनों के अंदर ऐसा कोई घर नहीं बचेगा जिसमें सरकारी नौकरी न हो।”
तेजस्वी ने दावा किया कि यह कदम बिहार में बेरोज़गारी खत्म करने और आर्थिक असमानता घटाने की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि रोजगार का यह मॉडल पूरे देश के लिए मिसाल बनेगा।
चुनावी माहौल में तेज होती बयानबाजी
तेजस्वी की इस घोषणा ने बिहार की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। जहां राजद समर्थक इसे “जनहित का बड़ा वादा” बता रहे हैं, वहीं विपक्षी दल इसे “अवास्तविक चुनावी जुमला” कह रहे हैं। मांझी का व्यंग्यात्मक हमला इस बात का संकेत है कि आगामी चुनाव में वादों और पलटवारों की झड़ी लगने वाली है।
बिहार का सियासी मौसम अब पूरी तरह चुनावी हो चुका है और हर बयान के साथ यह मुकाबला और दिलचस्प होता जा रहा है।
Also read: मायावती का बड़ा बयान: योगी सरकार की तारीफ, अखिलेश पर कसा तंज
Visit: https://www.facebook.com/Untoldthemedia
Discover more from The Untold Media
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





