बोलेरो से बार-बार कुचलकर सांड की हत्या, वीडियो वायरल होने पर भड़का आक्रोश

By
Last updated:
Follow Us
Button

राजस्थान के सीकर जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बोलेरो वाहन चालक ने सांड को बेरहमी से कुचलकर मार डाला। यह घटना सीकर की लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के नेछवा गांव की है। पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद गांव के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

शादी समारोह में मारी टक्कर, गुस्से में चालक ने पीछा किया

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांव में एक शादी समारोह चल रहा था, तभी एक सांड वहां आ गया और उसने खड़ी बोलेरो गाड़ी में टक्कर मार दी। इस टक्कर से वाहन के आगे का हिस्सा थोड़ा क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी में बैठे लोग इससे गुस्से में आ गए और चालक ने सांड का पीछा करना शुरू कर दिया।

भागते सांड को चालक ने कुछ दूरी पर पकड़ लिया और बोलेरो से टक्कर मारकर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद चालक ने कई बार गाड़ी उसके ऊपर चढ़ाई और गर्दन को पहियों से कुचल दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और आरोपी चालक को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह लगातार सांड को रौंदता रहा।

वीडियो वायरल, पुलिस में शिकायत और धरना

सांड की हत्या करने के बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने नेछवा थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना भी दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also read: अमेरिका में शटडाउन का कहर: इन क्षेत्रों में पड़ सकता है सरकारी ताले का गहरा असर!

Visit: https://instagram.com/the.untoldmedia


Discover more from The Untold Media

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

For Feedback - untoldthemedia@gmail.com
WhatsApp Group Join Now