झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे पर लगभग अंतिम सहमति बन गई है। इस संबंध में जल्द ही औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और आजसू पार्टी के बीच सीट बंटवारे की घोषणा नवरात्रि के पावन अवसर पर होने की संभावना है। दोनों पार्टियों के बीच इसे लेकर जारी मंथन में व्यापक सहमति उभरती हुई नजर आ रही है। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से चुनावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श के बाद सोमवार को रांची लौटे आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा “राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है। हम पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। सीट बंटवारे पर बातचीत अंतिम चरण में है।”

नवरात्रि के शुभ अवसर पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी

सुदेश महतो की अमित शाह से हुई भेंट के दौरान के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा भी उपस्थित थे। सूत्रों के मुताबिक आजसू पार्टी ने 12 से 14 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की है। भाजपा नेतृत्व ज्यादा से ज्यादा 9-10 सीटें देने के लिए सहमत है। टुंडी, चंदनकियारी, जुगसलाई, तमाड़, ईचागढ़ और लोहरदगा सीटों पर दोनों दलों का दावा समान रूप से है। भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि नवरात्रि के शुभ अवसर में हम अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेंगे। इस स्थिति में यह आशा जताई जा रही है कि जल्द ही दोनों पार्टियों के बीच एक समझौता हो जाएगा।

साल 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और आजसू के बीच सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन सकी थी। आजसू ने एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया और 52 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। गठबंधन में टूट का खामियाजा भाजपा और आजसू दोनों को झेलना पड़ा था। दोनों दल 2014 के चुनावी परिणाम को पुनरावृत्त करने में असफल रहे, जिससे उन्हें सत्ता से बाहर होना पड़ा। इसकी गहराई से समझ बनने के बाद, दोनों पार्टियां एक बार फिर से गठबंधन में आई हैं। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियां एकजुट होकर चुनावी मैदान में कदम रखा। भाजपा ने राज्य की 13 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को प्रस्तुत किया, जबकि आजसू को एक सीट आवंटित की गई।

Read: बिहार: बीएनएमयू में एबीवीपी के छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन

Visit: https://instagram.com/the.untoldmedia


Discover more from The Untold Media

Subscribe to get the latest posts sent to your email.