भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए कांस्य पदक जीत लिया है। 8 अगस्त को हुए कांस्य पदक के मुकाबले में भारत ने स्पेन को 2-1 से हराकर इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने इस जीत के साथ ही लगातार दूसरे ओलंपिक गेम्स में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इससे पहले, टोक्यो ओलंपिक 2020 में भी भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता था।

इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में भारत ने तेज़ खेल दिखाते हुए स्पेन पर दबाव बनाया। भारत के लिए पहला गोल दूसरे क्वार्टर में हुआ, जिसे हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया। तीसरे क्वार्टर में स्पेन ने वापसी करते हुए एक गोल किया, लेकिन चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारत ने मैच का निर्णायक गोल कर अपनी जीत सुनिश्चित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी और ट्वीट कर कहा, “यह एक ऐसा कारनामा है जिसे आने वाली पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा! भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर पूरे देश को गर्वित किया है। यह जीत और भी खास है क्योंकि यह उनका लगातार दूसरा ओलंपिक पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने अपार साहस और धैर्य दिखाया। खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई। हर भारतीय का हॉकी के साथ एक भावनात्मक जुड़ाव है, और यह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं के बीच इस खेल को और भी लोकप्रिय बनाएगी।”

ख़ुशी की लहार:

भारतीय टीम की इस जीत पर पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा, “पेरिस ओलंपिक-2024 की हॉकी प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीतने की हार्दिक बधाई टीम इंडिया! आप हमारे चैंपियन हैं। भारत को आप पर गर्व है।”

कांग्रेस पार्टी ने भी भारतीय हॉकी टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। कांग्रेस परिवार की ओर से कहा गया, “भारतीय हॉकी टीम ने इतिहास दोहराते हुए पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। टीम इंडिया के हर एक खिलाड़ी ने बेहतरीन खेल दिखाया। इंडियन हॉकी टीम ने अपनी इस उपलब्धि से पूरे देश को गौरवान्वित किया है। कांग्रेस परिवार की ओर से टीम इंडिया को ढेर सारी शुभकामनाएं।”

भारतीय हॉकी टीम की यह जीत न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। इस उपलब्धि ने भारत की हॉकी में वापसी का संदेश दिया है और खेल प्रेमियों के लिए एक नया उत्साह पैदा किया है।

Read: पाकिस्तान में ICC Champions trophy 2025: भारतीय टीम की भागीदारी पर बना सस्पेंस

Visit: https://www.youtube.com/@TheUntoldMedia


Discover more from The Untold Media

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

By Sumedha