झारखंड में दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। इस कारण झारखंड में कई पुल की टूटने की खबर आ रही है। पुल टूटने से लोगों को आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।शनिवार, 3 अगस्त को सुबह बोकारो नदी पर बना एक पुल टूट गया। बताया जा रहा है कि यह पुल करोड़ो की लागत से बनाया गया था। यह पुल बोकारो के गोमिया प्रखंड में है। लोगों का कहना है कि पिछले 24 घंटों से भी ज्यादा समय से हो रही लगातार वर्षा के कारण नदी का जल स्तर बढ़ने से पुल का हिस्सा टूट गया।
गांव के मुखिया ने बताया कि पानी में एक व्यक्ति बह गया है। पुल टूटने से लोगों का एक जगह से दूसरी जगह जाना मुश्किल हो गया है। नदी के उफान पर होने के कारण लोग शहर नहीं जा पा रहे हैं।पुल के टूटे होने के कारण बोकारो से रांची की ओर एक भी बस नहीं जा रही है। लोगों का रांची पहुंचना ठप पड़ चुका है।
शुक्रवार को बारिश के कारण रांची के मुर्गु नदी पर बना डायवर्सन बह गया। इस डायवर्सन के टूटने के कारण रांची से लोहरदगा, पलामू, गढ़वा, लातेहार का मुख्य संपर्क टूट चुका है। पिछले कई घंटों से हो रही बारिश के कारण मुर्गू नदी का जल स्तर बढ़ गया था।
रांची में हो रहे मुश्लाधार बारिश के कारण डैम भी भर चुके हैं। खबर आई कि कांके में स्थित गोंडा डैम में पानी हद से ज्यादा भर गया। इस कारण डैम के अधिकारियों ने डैम के तीन फाटक खोल दिए।